bareillylive:bareillynews:सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जन समस्याएं
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता तथा विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में शनिवार को तहसील फरीदपुर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 9:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का ऐसा समाधान हो जिससे फरियादी पूरी तरह संतुष्ट हो।
समाधान दिवस में विद्युत, कृषि, राजस्व, चकबंदी, सड़क, आवास और भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं।
ग्राम चन्दोखा छेदा निवासी द्वारा घरेलू विद्युत कनेक्शन की मांग पर जिलाधिकारी ने उपखंड अधिकारी विद्युत को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम शेखापुर निवासी की भूमि पर कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीओ चकबंदी को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
ग्राम हरेला, फतेहगंज पूर्वी के किसान द्वारा प्लाई फैक्ट्री के दूषित पानी से कृषि भूमि प्रभावित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उपजिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply