bareillylive@bareillynews:बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के नगरिया कला गांव में मंगलवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठियां चलने से कई लोग घायल हो गए। मारपीट की घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों पक्षों ने थाना इज्जतनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेले में हुए विवाद के बाद सुबह फिर भिड़े पड़ोसी
घायल मुन्ने पुत्र नन्हे ने बताया कि गांव में स्थित दरगाह पर मेला लगा हुआ था। सोमवार को मेले में नवीन, वसीम और उबैश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
मुन्ने का आरोप है कि मंगलवार सुबह नवीन, वसीम, अनीस और नाजिम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठियां भी चलीं।
दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने का दावा
मुन्ने के मुताबिक, मारपीट में वह और उनकी पत्नी घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से नेहा, शिफा, सना और फिजा के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग थाना इज्जतनगर पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष के इम्तियाज ने बताया कि पहले उबैश और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मुन्ने बीच में बोल पड़े। इसी बात को लेकर मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में दोबारा विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। इम्तियाज के मुताबिक, लाठी लगने से कई लोग घायल हुए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply