The Voice of Bareilly since 2010

मरीजों की सेवा ही सर्वोच्च संकल्प, डीएम ने जिला अस्पताल में बांटे फल और चॉकलेट

डीएम ने जिला अस्पताल में बांटे फल

सेवा संकल्प अभियान के तहत मरीजों और नवजात शिशुओं के परिजनों से की मुलाकात, जाना कुशलक्षेम

बरेली@bareillylive:बरेली, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को जिला अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों को फल और बच्चों को चॉकलेट वितरित की। डीएम ने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं।

डीएम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक संवेदनशील एवं प्रभावी जनसेवा पहुंचाना है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वच्छता व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!