देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए हुई विशेष दुआ
बरेली@bareillylive:बरेली। कुतुब-ए-सरकार शाहदाना वली रहमतुल्लाह अलैह के उर्स के चौथे दिन बुधवार को धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला फज्र की नमाज के बाद कुरआन पाक की तिलावत से शुरू हुआ। इसके बाद मस्जिद के इमाम मौलाना मुशाहिद रजा ने सलातो-सलाम का नजराना पेश किया।
इसी क्रम में ठिरिया निजामत खां की जामा मस्जिद के इमाम आदिल रजा खां की सरपरस्ती में चादरों का जुलूस निकाला गया। जुलूस में अबरार खां, तसब्बर खां, गुड्डू, झाने खां, मोहम्मद मियां, आलम खां, नोशाहद अली खां, मोहम्मद सलीम, रहील, नवाजिश, आबिद अली खां समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे।
चादरों का जुलूस पारंपरिक मार्ग से होता हुआ नकटिया, सैटेलाइट और अमर उजाला कार्यालय क्षेत्र से गुजरा। रास्ते में गफूर पहलवान, इरफान रजा और जमाल गोसी समेत अन्य लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल किया। इसके बाद जुलूस शामतगंज होते हुए दरगाह शरीफ पहुंचा।
दरगाह पर हुई चादरपोशी और गुलपोशी
दरगाह शरीफ पहुंचने पर चादरपोशी और गुलपोशी की गई। इस दौरान हिंदुस्तान में अमनो-अमान, भाईचारे, सलामती और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। हाफिज मोहम्मद तस्लीम साबरी, खलीफा-ए-अलीशा मियां एवं सज्जादानशीन कलियर शरीफ ने भी दरगाह पर चादरपोशी कर मुल्क की सलामती, खुशहाली और तरक्की के लिए खुसूसी दुआ की।
दरगाह के सदर यूसुफ इब्राहिम ने जुलूस में शामिल लोगों की दस्तारबंदी कर उन्हें उर्स की मुबारकबाद दी। दरगाह शरीफ पर दिनभर जायरीनों और महफिल में शामिल लोगों के लिए लंगर का इंतजाम चलता रहा।
मिलाद और कलाम से रूहानी हुआ माहौल
बाद नमाज-ए-असर मोहम्मद वली कादरी और चंद मियां अशरफी ने दरगाह शरीफ पर मिलाद-ए-पाक का नजराना पेश किया। रात नौ बजे कलियर शरीफ के फनकार निजाम साबरी ने सरकार शाहदाना वली की शान में कलाम पेश किए। उनके कलाम पर अकीदतमंदों ने वाहवाही की और दरगाह परिसर में रूहानी माहौल बना रहा।
मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि कल बाद नमाज-ए-असर शाम 5:30 बजे सरकार शाहदाना वली का कुल शरीफ होगा।
उर्स की व्यवस्थाओं को देखने वालों में वसी अहमद, गुल्लन खां, मौलाना आलाउद्दीन साहब, गुलामें मुस्तफा जावेद खां, महबूब साबरी, अकरम अली वारसी, मिर्जा शहाब बेग, मिर्जा मुकर्रम बेग, अब्दुल सलाम नूरी, शहजाद अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply