bareillylive@bareillynews:भारत मंडपम की तस्वीर ने खींचा ध्यान, तीनों नेताओं के बीच दिखी गर्मजोशी
नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की एक तस्वीर ने खासा ध्यान खींचा। तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी दाईं ओर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और बाईं ओर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग खड़े हैं। तीनों नेताओं ने एक-दूसरे का हाथ थाम रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत मंडपम की यह तस्वीर साझा की गई, जहां ब्रिक्स नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। तस्वीर की पृष्ठभूमि में ‘किंगडम बीजीएम’ नाम का संगीत सुनाई दे रहा है।
कूटनीतिक प्रोटोकॉल के बीच दिखी गर्मजोशी
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के सख्त प्रोटोकॉल के बीच नेताओं की यह तस्वीर गर्मजोशी भरे रिश्तों का संकेत देती नजर आई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर सम्मेलन से जुड़ी कई अन्य तस्वीरें भी साझा कीं।
एक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा कार्यक्रम स्थल के अंदर एक साथ चलते दिखाई दिए।
एक अन्य तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी को पुतिन, शी चिनफिंग और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ बातचीत करते हुए देखा गया।
मोदी-पुतिन की भी दिखी खास बॉन्डिंग
एक अन्य तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सुरक्षाकर्मियों और अनुवादकों के साथ मुस्कुराते हुए एक साथ जाते नजर आए। सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं के बीच मुलाकात और अनौपचारिक बातचीत की तस्वीरें भी सामने आईं।
12-13 सितंबर को हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन
भारत 12 और 13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 सहयोगी देशों के नेता शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, सहयोग और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर सदस्य देशों के बीच चर्चा हो रही है।






Leave a Reply