bareillylive:bareillynews:बरेली में SSP कार्यालय के बाहर महिला का आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
बहेड़ी की महिला ने न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए खुद पर डीजल छिड़का, पुलिसकर्मियों और राहगीर ने समय रहते बचाया; मामले की जांच शुरू।
बरेली। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कथित रूप से अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों, महिला पुलिसकर्मियों और एक राहगीर की तत्परता से महिला को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद महिला को सुरक्षित हिरासत में लेकर जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान मीना कुमारी, पत्नी गनपत, निवासी ग्राम उलैतापुर, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि होली के दौरान हुए एक विवाद में उसके और उसके बेटे के साथ मारपीट तथा जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में उसने बहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर एनसीआर तो दर्ज हुई, लेकिन उसकी शिकायत के अनुसार प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि वह कई महीनों से न्याय की उम्मीद में थाना और पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर महिला करीब आधा लीटर डीजल से भरी बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची।
उसने मुख्य गेट के बाहर अपने ऊपर डीजल छिड़क लिया और आग लगाने का प्रयास किया। इससे पहले कि वह आत्मदाह कर पाती, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और एक राहगीर ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे काबू में ले लिया और सुरक्षित बचा लिया।
घटना के बाद महिला को एसपी साउथ अंशिका वर्मा के कार्यालय ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उसे महिला थाना पुलिस के सुपुर्द कर एहतियातन जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
महिला का कहना है कि लंबे समय से न्याय न मिलने और लगातार मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और आत्मदाह के प्रयास से जुड़े पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply