BareillyLive : विश्व पशु दिवस के अवसर पर जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज के जूलॉजी विभाग द्वारा विद्यार्थियों में पशु संरक्षण, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता तथा जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रचनात्मकता, विषय-ज्ञान और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का परिचय दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पशुओं के संरक्षण एवं कल्याण के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रकृति के संतुलन में पशु-पक्षियों और वन्यजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना रहा। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों और वक्तव्यों के माध्यम से पशु संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
पोस्टर प्रतियोगिता में एमएससी प्रथम सेमेस्टर की ज्योति गंगवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी प्रथम सेमेस्टर के चित्रांश ठाकुर द्वितीय तथा बीएससी पंचम सेमेस्टर की रुचिता पाठक तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय सेमेस्टर के आकाश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एमएससी प्रथम सेमेस्टर की श्रद्धा रस्तोगी ने द्वितीय और बीएससी तृतीय सेमेस्टर के मोहम्मद शहवाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मैनेजिंग डायरेक्टर आर्किटेक्ट वैभव पटेल ने विजेता विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति चेतना विकसित करती हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में पशुओं और वन्यजीवों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। पशुओं के प्रति संवेदनशीलता केवल उनके संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन और मानव जीवन से भी सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से पशु कल्याण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समन्वय मिसेज अंबिका यादव एवं डॉ. मोहम्मद नईम ने किया। पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताओं का निर्णयन श्री नोमान खान और मिसेज निक्की ने किया।
निर्णायकों ने विद्यार्थियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति, प्रस्तुतीकरण तथा विषय की समझ के आधार पर किया।
इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर आर्किटेक्ट वैभव पटेल, निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल, बायो कोऑर्डिनेटर डॉ. मोहम्मद नईम, चीफ प्रॉक्टर श्री अंकुर टंडन, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर श्री अमरीश गंगवार, अकादमिक कोऑर्डिनेटर डॉ. अपर्णा कटियार, मीडिया प्रभारी डॉ. यशपाल एवं श्री विनोद उपस्थित रहे।






Leave a Reply