The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का कहर: 42 मौतें, 100 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त

https://bareillylive.in/bareilly-news/up-heavy-rain-storm-42-deaths-100-houses-damaged/

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते 48 घंटों से जारी तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से प्रदेश में अब तक 42 लोगों की मौत हुई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान एक दर्जने से अधिक पशुओं की भी मौत की सूचना है। बारिश और तेज हवाओं के कारण 100 से मकानों मकानों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि उन्हें इस मुश्किल परिस्थिति में राहत मिल सके।

63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

अमौसी स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक के अनुसार, मौसम प्रणाली शनिवार शाम तक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ते हुए अवसाद के रूप में बनी रह सकती है। इसके बाद अगले करीब 12 घंटों में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने और एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। रविवार से मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है।

आंधी और बारिश से 42 लोगों की मौत

बारिश और आंधी से प्रदेश में 42 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बाराबंकी में चार, अयोध्या में तीन, गोंडा और बहराइच में दो-दो तथा हरदोई, अमेठी और श्रावस्ती में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

इसके अलावा लखीमपुर खीरी में चार तथा बांदा, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक मौत दर्ज की गई है। प्रदेश के अन्य जिलों से भी जनहानि की सूचनाएं सामने आई हैं।

इन घटनाओं में अधिकतर मौतें मकान या दीवार गिरने तथा आंधी के दौरान हुए हादसों की वजह से होने की जानकारी है।

100 से अधिक मकानों को पहुंचा नुकसान

राहत आयुक्त कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, बारिश और आंधी से प्रदेश में लगभग एक सौ से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जिलेवार उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक:

  • बांदा में 32 मकान क्षतिग्रस्त हुए।
  • जालौन में 21 मकानों को नुकसान पहुंचा।
  • हरदोई में 14 मकान क्षतिग्रस्त बताए गए हैं।
  • औरैया और पीलीभीत में सात-सात मकानों को नुकसान हुआ।
  • बहराइच और सुल्तानपुर में पांच-पांच मकान प्रभावित हुए हैं।

इसके अलावा अन्य जिलों में भी कच्चे मकान, दीवार और छप्पर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

धान समेत खरीफ फसलों पर बारिश का असर

लगातार बारिश और तेज हवाओं से खरीफ फसलों को भी नुकसान की खबर है। सबसे ज्यादा असर पकने के करीब पहुंच चुकी धान की फसल पर दिखाई दे रहा है। स्थानीय प्रारंभिक आकलन के अनुसार, गोंडा में धान और गन्ने की फसल में करीब 20 से 25 प्रतिशत नुकसान का अनुमान है। श्रावस्ती में धान को करीब 25 प्रतिशत और सब्जियों को करीब 50 प्रतिशत नुकसान होने का प्रारंभिक अनुमान सामने आया है।

बलरामपुर और सीतापुर में धान की फसल में करीब 10 से 15 प्रतिशत, जबकि अंबेडकरनगर में करीब 10 प्रतिशत नुकसान की सूचना है। ये आंकड़े स्थानीय स्तर पर किए गए शुरुआती आकलन पर आधारित हैं।

धान के अलावा तिल, ज्वार, बाजरा, उड़द और मूंग जैसी खरीफ फसलों पर भी बारिश का असर पड़ने की आशंका है। तेज हवाओं से ज्वार और बाजरा के पौधों के टूटने तथा जलभराव से लौकी, तोरई, कद्दू और करेला जैसी सब्जियों के प्रभावित होने की रिपोर्ट है। बारिश के कारण तोरिया की बोआई भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए

लगातार बारिश और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे और आकलन कराने तथा प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने को कहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को तत्काल राहत एवं शरणालय केंद्रों तक पहुंचाने और वहां भोजन, आवास सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बारिश के कारण जिन परिवारों के मकान गिर गए हैं और वे बेघर हो गए हैं, उन्हें भी राहत एवं शरणालय केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

इधर, प्रदेश के राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की।

पूरे बरेली मंडल समेत 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भारी बारिश की चेतावनी है।

वहीं बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का प्रभाव रविवार तक बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!