The Voice of Bareilly since 2010

सेवा ज्योति कलश यात्रा से गूंजा बरेली, विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े नागरिक

bareilly-seva-jyoti-kalash-yatra-viksit-bharat-sankalp-sabha

विकास भवन से निकली बाइक, कलश और पैदल यात्रा; बरेली क्लब में हुआ जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन

बरेली, 07 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत–2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद बरेली में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया गया।

विकास भवन से शुरू हुई सेवा ज्योति कलश यात्रा

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ सुबह 09 बजे विकास भवन, बरेली से हुआ। यात्रा में बाइक यात्रा, कलश यात्रा और पैदल यात्रा के माध्यम से ‘सेवा से संकल्प तक—विकसित भारत की ओर एक कदम’ का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।

यात्रा के दौरान लोगों में सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। यात्रा का समापन बरेली क्लब में हुआ, जहां सेवा कलश की स्थापना के साथ स्थायी एवं अखंड सेवा ज्योति स्थापित की गई।

बरेली क्लब में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा

यात्रा के समापन के बाद बरेली क्लब में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया।

सभा के माध्यम से नागरिकों को सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

सेवा ज्योति बनी निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक

कार्यक्रम के दौरान स्थापित की गई ‘सेवा ज्योति कलश’ को निरंतर सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक बताया गया। उपस्थित लोगों ने सेवा भावना को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

गौरतलब है कि जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाना है।

अधिकारी और आमजन रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!