उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 10 दिन का और मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद यानी मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के लिए 10 दिन का और मौका दिया गया है। परीक्षार्थी अब 10 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन पत्र बोर्ड की वेबसाइट madarsaboard.upsdc.gov.in पर भर सकते हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी थी।

इस बार कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से मदरसा बोर्ड के परीक्षा आवेदन पत्र विलंब से भरे जा रहे हैं। इससे पहले के सालों में नवंबर व दिसंबर में ये फार्म भर जाते रहे हैं।

उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने भले ही परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी हो पर परीक्षाएं कब होंगी इस पर अभी भी निर्णय नहीं हो सका है। इस पर फैसला यूपी बोर्ड का परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद करेगा।

मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से राजकीय कोष में जमा करने की अंतिम तिथि 9  फरवरी है। शैक्षिक सत्र 2020-21 की परीक्षाओं की समय सारणी कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए अन्य बोर्ड द्वारा निर्धारित की जाने वाली तिथियों के अनुसार ही बनाई जाएगी। फिलहाल 1.14 लाख छात्र-छात्राओं ने ही आवेदन पत्र भरा है।

error: Content is protected !!