@bareillylive : पावन कार्तिक मास के प्रथम मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। मंगलवार, 27 अक्टूबर को आयोजित सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं आरती कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के भक्तजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर प्रांगण पूरे दिन भक्ति और आस्था के स्वरों से गूंजता रहा।
सुबह के सत्र में मंदिर के पंडित सुनील शास्त्री द्वारा श्री हनुमान जी का विधिवत पूजन एवं शृंगार किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने ठाकुर जी का पूजन एवं आरती की, जबकि पंडित जी द्वारा कार्तिक की कथा सुनाई गई। मंगलवार के दिन भक्तजन अपनी-अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचते हैं।
शाम के सत्र में श्री हरि संकीर्तन मंडल द्वारा भजनों की रसधारा बहाई गई। रवि छाबड़ा ने “है दुख भंजन मारुति नंदन”, संजय आनंद ने “मंगल मूर्ति राम दुलारे”, पंकज ने “आज मंगलवार है”, सचिन सेठी ने “कीजे केसरी के लाल”, भाई सौरभ ने “राम भी मिलेगे तुझे श्याम भी मिलेगे” तथा जतिन दुआ ने “झूम झूम नाचे देखो भक्त हनुमान” जैसे भजन प्रस्तुत किए। भजनों के साथ उपस्थित भक्तजन झूम उठे और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से भर उठा।
इसके बाद सभी उपस्थित भक्तजनों द्वारा सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा श्री हनुमान जी की सामूहिक आरती हुई। शयन आरती के पश्चात सभी भक्तजनों में भंडारा प्रसादी का वितरण किया गया।
मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं आरती विगत कई वर्षों से श्री हरि मंदिर प्रांगण में आयोजित हो रही है। इसमें सभी आयु वर्ग के लोग सम्मिलित होते हैं तथा युवाओं की सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय है।
कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा एवं गिरीश आनंद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा एवं उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। युवा मंडल के सदस्यों ने प्रसाद वितरण की सेवा निभाई। समापन पर मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने सभी भक्तजनों का आभार व्यक्त किया।




Leave a Reply