@bareillylive : दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजनान्तर्गत मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को राजकीय संकेत विद्यालय, नावल्टी चौराहा, बरेली में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 479 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार और बरेली लोकसभा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थी दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए।
शिविर में कुल 200 ट्राईसाइकिल, 109 श्रवण यंत्र, 50 व्हीलचेयर, 50 स्मार्ट केन, 12 लैप्रोसी किट, 6 वैशाखी तथा 52 एम.आर. किट वितरित किए गए। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी की चमक स्पष्ट देखी गई। उपस्थित परिजनों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, बरेली मंडल संगीता सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय संकेत विद्यालय बलवन्त सिंह, दिव्यांगजन राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य मुकेश कश्यप, कार्यक्रम समन्वयक मुनेश बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ये सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक जीवन को सरल बनाएंगे और उनके स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों के शैक्षिक विकास के लिए विशेष विद्यालयों की स्थापना भी की जा रही है।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वंचित वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों को उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी भी दी। शिविर का आयोजन दिव्यांगजनों को गरिमापूर्ण, स्वतंत्र एवं सशक्त जीवन दिलाने की दिशा में माना जा रहा है।




Leave a Reply