The Voice of Bareilly since 2010

शिक्षक एमएलसी चुनाव: कैंट विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए जीत के मंत्र

BareillyLive : बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो के रामपुर बाग स्थित चुनाव कार्यालय पर रविवार को कैंट विधानसभा की संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कैंट विधानसभा विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने की। उन्होंने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में भाजपा प्रत्याशी की निर्णायक जीत सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की।

बैठक में मतदान की तैयारियों, संगठनात्मक ढांचे, मतदाताओं से संपर्क, प्रभावी प्रचार तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उपायों पर गहन चर्चा हुई। विधायक संजीव अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी सक्रियता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर शिक्षक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और उन्हें भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो इस निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधान परिषद सदस्य हैं और पार्टी ने उन्हें पुनः प्रत्याशी बनाया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चुनावी माहौल को सकारात्मक बनाने और मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर डॉ. सीपीएस चौहान, एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महानगर उपाध्यक्ष प्रभु दयाल लोधी, महानगर महामंत्री विष्णु शर्मा, केशव गुप्ता सहित कैंट विधानसभा के समस्त मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने डॉ. ढिल्लो की जीत के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

बताया जा रहा है कि इस निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान तथा 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। भाजपा की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं और पार्टी पदाधिकारी शिक्षक मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!