वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, मानव सेवा क्लब ने बांटी खुशियां और सम्मान

bareillylive@वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, मानव सेवा क्लब ने बांटी खुशियां और सम्मान

हार्टमेन पुल स्थित काशी वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को मिष्ठान, फल, मोमबत्ती और मिट्टी के दीये किए वितरित, गीत-कविताओं से बांधा समां

बरेली@bareillylive:बरेली। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि अपनों के साथ खुशियां साझा करने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ मानव सेवा क्लब की ओर से हार्टमेन पुल स्थित काशी वृद्धाश्रम में दीपावली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। क्लब के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व, सम्मान और स्नेह का एहसास कराया।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहीं महिलाओं को हार पहनाकर तथा आवश्यक वस्तुएं भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद क्लब के सदस्यों ने कविता और गीतों की प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और आत्मीय बातचीत के बीच बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। कई वृद्धजनों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाने जैसा सुख और अपनापन महसूस होता है।

मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने कहा कि संस्था प्रत्येक त्योहार वृद्धजनों के साथ मनाने का प्रयास करती है, ताकि वे अकेलेपन का अनुभव न करें और उनके जीवन में खुशियों के रंग भर सकें। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, आशीर्वाद और मार्गदर्शन का सम्मान करना तथा उनकी देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर वृद्धजनों को मिष्ठान, फल, मोमबत्तियां और मिट्टी के दीये वितरित किए गए। सभी ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना, प्रकाश चंद्र सक्सेना, अरुणा सिन्हा, सुनील शर्मा और गंगा राम पाल सहित अनेक सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने बुजुर्गों के साथ बैठकर बातचीत की और उनके सुख-दुख साझा किए।

आयोजन के समापन पर सदस्यों ने संकल्प लिया कि मानव सेवा क्लब भविष्य में भी त्योहारों के अवसर पर जरूरतमंदों और वृद्धजनों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटने का सिलसिला जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!